वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। स्कूल जाने के लिए घर से निकली किशोरी को सरैया बिशनपुरा में तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, विद्यालय की ओर से जिम्मेदार व्यक्ति के मौके पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया।
मामला वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बार्थरा कला गांव का है, जहां रहने वाले राजेश कुमार की 16 वर्षीय बेटी रोशनी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। रोशनी श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी।
मंगलवार सुबह करीब सात बजे रोशनी घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह सरैया बिशनपुरा में पूर्व प्रधान पप्पू मिश्रा के घर के सामने पहुंची, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर को रोककर चालक को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने चालक की पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने डंपर और चालक को कब्जे में ले लिया है।
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही मृतका के परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर जाल्हूपुर बाजार पहुंचे और बार्थरा कला मार्ग के सामने चंद्रा-बलुआ रोड पर शव रखकर सड़क जाम कर दी।
इसके बाद परिजन शव लेकर श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज के सामने पहुंच गए और मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हादसे की जानकारी मिलने के बावजूद विद्यालय की ओर से कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा। इसको लेकर परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।
सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चौबेपुर और चोलापुर थाने के प्रभारी ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
फिलहाल पुलिस ने डंपर और चालक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
वाराणसी में डंपर की चपेट में आकर 16 वर्षीय छात्रा की मौत, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। स्कूल जाने के लिए घर से निकली किशोरी को सरैया बिशनपुरा में तेज रफ्तार डंपर...
