कासगंज। पूर्व विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह की पुण्य स्मृति में निकाली जा रही अमर ज्योति संकल्प यात्रा शुक्रवार को सहावर पहुंची। यात्रा के दौरान कस्बे में जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली।
अमर ज्योति संकल्प यात्रा का शुभारंभ ग्राम हाजीपुर में ब्लॉक प्रमुख कृष्णा राजपूत के आवास पर हवन-पूजन के साथ किया गया। इसके बाद यात्रा सहावर के लोधी नगला, बैंक चौराहा, मुख्य चौराहा, रेलवे रोड, सोरों रोड और इमामबाड़ा पहुंची।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख कृष्णा राजपूत ने कहा कि अमर ज्योति संकल्प यात्रा अमांपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव पहुंचेगी। यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों से संपर्क कर पूर्व विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह की जनसेवा और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।
यात्रा के दौरान 'बोल मोहब्बत जिंदाबाद' का संदेश भी दिया जा रहा है। वहीं मुस्लिम समाज के लोगों ने भी यात्रा में बढ़-चढ़कर सहभागिता की और भाईचारे एवं आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
बताया गया कि यह यात्रा कुल 18 दिनों तक चलेगी। यात्रा का समापन 19 सितंबर को ग्राम हाजीपुर में श्रद्धांजलि एवं स्मृति समारोह के साथ होगा। इसी अवसर पर पूर्व विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
ब्लॉक प्रमुख कृष्णा राजपूत ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में स्मृति समारोह में पहुंचकर पूर्व विधायक को श्रद्धांजलि देने की अपील की है।