बलिया के नगरा थाना क्षेत्र में क्लीनिक संचालिका कंचन भारती हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी और मृतका के भतीजे ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है।
दरअसल, 11 अगस्त की रात नगरा थाना क्षेत्र के गड़वार मोड़ स्थित क्लीनिक में कंचन भारती की सिर पर लोहे की रॉड से वार कर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उसकी मोटरसाइकिल झाड़ी बाबा मठ के पास सड़क किनारे पड़ी है और आरोपी घायल हालत में पास की झाड़ियों में छिपा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू को घायल अवस्था में बरामद किया। इलाज के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी चाची कंचन को मोटरसाइकिल से क्लीनिक छोड़कर गया था। कुछ देर बाद वापस लौटने पर उसने कंचन को एक व्यक्ति से कमरे में बातचीत करते देखा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और गुस्से में आरोपी ने लोहे की पाइप से कंचन के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद कंचन की मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गया। रास्ते में उसकी बाइक एक अज्ञात पिकअप से टकरा गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद आरोपी झाड़ियों में जाकर छिप गया, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू की उम्र 26 वर्ष है और वह नगरा थाना क्षेत्र के खारी गांव का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना नगरा में मुकदमा अपराध संख्या 156/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में कार्रवाई की गई है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।
बाइट: ओमवीर सिंह, एसपी बलिया
बलिया के नगरा थाना क्षेत्र में क्लीनिक संचालिका कंचन भारती हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
बलिया के नगरा थाना क्षेत्र में क्लीनिक संचालिका कंचन भारती हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी और मृतका के भतीजे ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू को गि...
