बलिया में मछली पालन के नाम पर कथित तौर पर करोड़ों रुपये की जालसाजी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने मछली पालन में निवेश के नाम पर 20 से ज्यादा लोगों से करीब 4 करोड़ रुपये की रकम ले ली। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई के साथ-साथ जेवरात और जमीन-जायदाद तक बेचकर आरोपी को पैसा दिया था।
अब आरोप है कि रकम वापस मांगने पर आरोपी पैसे लौटाने के बजाय पीड़ितों को धमकाने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहा है। परेशान होकर 20 से अधिक पीड़ित बलिया पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़ितों के मुताबिक, मछली पालन के कारोबार में निवेश के नाम पर उनसे बड़ी रकम ली गई थी। उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि निवेश के बदले उन्हें मुनाफा मिलेगा और उनकी रकम सुरक्षित रहेगी। लेकिन अब आरोप है कि न तो निवेश की रकम वापस की जा रही है और न ही वादा किया गया मुनाफा दिया जा रहा है।
पीड़ितों का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उन्हें ब्लैकमेल करने, परेशान करने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं। मामले से परेशान होकर पीड़ितों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की है।
पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाई जाए।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर मछली पालन में निवेश के नाम पर इतनी बड़ी रकम किस तरह जुटाई गई और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं? फिलहाल पुलिस जांच और कार्रवाई का इंतजार है।