गोरखपुर में विकास कार्यों को लेकर जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में सड़क, भवन, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र समेत विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की विभागवार और योजनावार प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अधिकारियों से निर्माणाधीन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्य पूर्ण होने की निर्धारित समय-सीमा और अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करें और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का सत्यापन सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों और तकनीकी विनिर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। जिन परियोजनाओं की प्रगति धीमी मिली, उनमें तेजी लाने को कहा गया। साथ ही चेतावनी दी कि अनावश्यक रूप से कार्य लंबित रहने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
वहीं, पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को नियमानुसार जल्द हस्तांतरित कर जनसामान्य के उपयोग में लाने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं का विभागीय समन्वय के माध्यम से तत्काल समाधान कराने और परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया।